अलीगढ़

ग्राम सचिवालयों में लेखपालों की उपस्थिति का रोस्टर जारी, अब गांव में ही मिलेंगी राजस्व सेवाएं

डीएम अविनाश कुमार ने प्रभावी अनुपालन के दिए निर्देश, प्रत्येक ग्राम सचिवालय में निर्धारित दिवस पर उपलब्ध रहेंगे लेखपाल

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा ग्राम सचिवालयों को और अधिक प्रभावी बनाने एवं ग्रामीणों को राजस्व सेवाएं उनके गांव में ही सुलभ कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपद के सभी ग्राम सचिवालयों में लेखपालों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर जारी कर दिया है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार लेखपाल अपने आवंटित ग्राम सचिवालयों में नियमित रूप से बैठकर आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं का निस्तारण करेंगे। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम सचिवालयों को ग्रामीण जनसेवा का प्रभावी केंद्र बनाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम सचिवालयों में लेखपालों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रोस्टर लागू किया गया है। इससे ग्रामीणों को आय, जाति, निवास, हैसियत प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल, वरासत, भू-अभिलेख सत्यापन तथा अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट ने बताया कि लेखपाल अपने निर्धारित दिवस एवं समय पर ग्राम सचिवालय में उपस्थित रहकर राजस्व संबंधी प्रकरणों में आवश्यक मार्गदर्शन, अभिलेखों का सत्यापन, जांच एवं अन्य प्रशासनिक कार्य संपादित करेंगे। इससे राजस्व सेवाओं के निस्तारण में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा ग्रामीणों को समयबद्ध सेवाओं का लाभ मिलेगा। सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जारी रोस्टर का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम सचिवालय में रोस्टर को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को लेखपाल की उपलब्धता की पूर्व जानकारी मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!