अलीगढ़

जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और प्रतिभाओं को अवसर देने पर जोर

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच, जिला खेल विकास की बनी नई कार्ययोजना

 अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले में खेल गतिविधियों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यापक बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में खेल अवसंरचना के बेहतर उपयोग, खिलाड़ियों की पहचान, खेल प्रतियोगिताओं के सुव्यवस्थित आयोजन और खेल संसाधनों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए   बैठक का संचालन जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता राज ने किया। उन्होंने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति, स्टेडियम के संचालन, खिलाड़ियों के पंजीकरण, आय-व्यय और खेल गतिविधियों से संबंधित बिंदुओं का विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने उपलब्ध सूचनाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं तथ्यपरक बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्टेडियम में उपलब्ध सभी खेल संसाधनों का विस्तृत आकलन कराया जाए एवं आयु वर्गवार खिलाड़ियों का पंजीकरण कर उनकी अद्यतन सूची तैयार की जाए। इसके साथ ही वर्तमान खेल सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं का समग्र विवरण भी तैयार किया जाए, ताकि भविष्य की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने खेल प्रतिभाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने और चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद का वार्षिक खेल कैलेंडर तैयार कर जिला बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, नेहरू युवा केंद्र एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं, जिससे अधिकाधिक युवा खेलों से जुड़ सकें और नई प्रतिभाओं को मंच मिल सके। उन्होंने विभिन्न खेल संघों एवं खेल विशेषज्ञों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर बल देते हुए सुझावों के आधार पर खेल गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल संघों का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक खेल प्रेमियों और विशेषज्ञों को जोड़ा जाए, जिससे खेलों के विकास में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। साथ ही विभिन्न खेल प्रशिक्षकों एवं खेल शिक्षकों की वास्तविक आवश्यकताओं का समुचित प्रस्ताव तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए  बैठक में स्टेडियम में मानदेय पर कार्यरत खेल प्रशिक्षकों के नवीनीकरण, नवीन तैनाती, खेल उपकरणों की आवश्यकता, खेल सुविधाओं के विस्तार और जिला खेल प्रोत्साहन समिति की आय बढ़ाने के लिए नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश जिला क्रीड़ा अधिकारी को दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अलीगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके। बैठक में सीडीओ योगेन्द्र कुमार, एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, एसपी सिटी आदित्य बंसल, सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह, डीआईओएस डा0 पूरन सिंह, अपर नगर आयुक्त तपस्या यादव, उपायुक्त उद्योग एस0पी0 यादव, बीएसए आलोक कुमार सिंह, डीपीआरओ यतेन्द्र सिंह, जिला आबकारी अधिकारी डी0के0 गुप्ता, जिला युवा कल्याण अधिकारी जे0पी0 सिंह एवं विभिन्न खेल एसोशिएशन से सुधीश कुमार, मनोज कुमार, शालिनी चौहान, मजहर उल कमर, अर्जनु सिंह फकीरा, पीटीआई सुशील शर्मा सहित खेल प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!