ओडीओसी योजना में चमचम, कचौड़ी एवं दुग्ध उत्पाद के लिए ऋण पर मिलेगा 25 प्रतिशत अनुदान
ओडीओपी टूल किट में अब लाभार्थियों को मिलेगी पॉलिश मशीन, सीडीओ ने दी मंजूरी

अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संबंधित विभागीय के अधिकारियों एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ उद्यमियों की समस्या निस्तारण पर विस्तृत समीक्षा की गई।सीडीओ ने बताया कि एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना में जिले से चमचम, कचौड़ी एवं दुग्ध उत्पाद को शामिल किया गया है। योजना के तहत नये कारोबारियों एवं कार्य कर रहे कारोबारियों को इकाई संवर्धन के लिए 25 लाख तक ऋण अनुमन्य है जिसमें 25 प्रतिशत तक का अनुदान देय है। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि योजना के तहत अधिकाधिक युवाओं को लाभान्वित किया जाए। ओडीओपी टूल किट योजना में टूल किट में पॉलिश मशीन शामिल करने के प्रस्ताव को सीडीओ ने उद्यमी हित में सहर्ष स्वीकार करते हुए मंजूरी दी।
बैठक में सीडीएफ छेरत एवं ताला नगरी औद्योगिक क्षेत्र में 132 केवीए उपकेंद्र स्थापना के संबंध में आरएम यूपीसीडा द्वारा बताया गया कि उपकेंद्र स्थापना के लिए छेरत में भूमि उपलब्ध है जबकि उद्यमियों द्वारा तालानगरी में ही उपकेंद्र स्थापना पर बल दिया जिस पर सीडीओ ने पृथक से बैठक आहुत कर समाधान निकालने के निर्देश दिये। अप्रेंटिसशिप अधिनियम के अंतर्गत युवाओं को रोजगार से जोड़ने की समीक्षा में बताया गया कि 1000 प्रशिक्षुओं के लक्ष्य के सापेक्ष जून 2026 तक 196 शिशिक्षुओं को नियोजित किया जा चुका है। प्लेज पार्क के संपर्क मार्ग निर्माण की समीक्षा में लोक निर्माण विभाग ने बताया कि प्रकरण को इस वर्ष की वित्तीय योजना में शामिल करते हुए परियोजना का आगणन तैयार कर मुख्यालय भेजा जा चुका है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की समीक्षा के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक संगठनों के सहयोग से जिले में विशेष कैंप आयोजित कर 905 के सापेक्ष 694 युवाओं एवं उद्यमियों का पंजीकरण हो गया है, शेष के लिए प्रयास जारी है।
औद्योगिक आस्थान ख्यामई में आवंटियों को भूखण्डों पर कब्जा दिलाए जाने के संबंध में बताया गया कि आवंटित 90 भूखण्डों के सापेक्ष 71 पर लीज डीड कराते हुए 35 पर कब्जा दिलाया जा चुका है, शेष पर जल्द निर्णय लिया जाएगा। दाऊद खान जंक्शन रेलवे स्टेशन पर कंटेनर स्टफिंग सेंटर स्थापना के संबंध में शत-प्रतिशत भूमि पर कब्जा मिल चुका है, लोनिवि द्वारा निर्माण कार्य के लिए आगणन तैयार कर शासन में भेजा जाएगा। जिले में सांकरा क्षेत्र में 8000 करोड़ का निवेश करने वाली एडीएम सोलर की विभिन्न समस्याओं को सीडीओ ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। पीडब्लूडी द्वारा बताया गया कि दादों-सांकरा मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया गया है।
नये बिन्दुओं की समीक्षा में सीडीओ ने मैसर्स क्राउन हार्डवेय सीडीएफ छेरत की बैंक गारण्टी अवमुक्त करने के संबंध में एआईजी स्टांप एवं उपायुक्त उद्योग को संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिय। तालानगरी में कुछेक औद्योगिक इकाईयों द्वारा किए गए अतिक्रमण से अवरूद्ध हो रहे मार्ग एवं जलनिकासी के प्रति सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए। निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों में सीडीओ ने 17 आवेदनों के समयसीमा से बाहर होने पर भी लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समयसीमा का इंतजार किए बिना तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये।उपायुक्त उद्योग ने उद्यमियों से 25 से 29 सितम्बर के मध्य नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए 31 जुलाई तक अपने प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया ताकि समय रहते उन्हें समुचित स्टॉल का आवंटन संभव हो सके।
बैठक में उपायुक्त उद्योग एसपी यादव, सहायक आयुक्त उद्योग बृजेश कुमार समेत विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन, नगर निगम, यूपीसीडा, स्वास्थ्य, आपूर्ति, विकास प्राधिकरण, बैंक अधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं उद्यमी नेकराम शर्मा, चन्द्र शेखर शर्मा, लल्लू सिंह, सतीश माहेश्वरी, किशन गुप्ता, गौरव मिततल एवं अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।
——-



