अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जल्द सुधरेगा सफर, निर्माण के दौरान नियमित हो रहा पानी का छिड़काव
राहगीरों की सुविधा को प्राथमिकता, डामरीकरण पूरा होते ही नई लेन पर दौड़ेंगे वाहन

अलीगढ़-पलवल मार्ग पर निर्माण कार्य के चलते राहगीरों को धूल एवं आवागमन में हो रही असुविधा से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मार्ग पर निर्माण कार्य को चरणबद्ध ढंग से पूरा कराया जा रहा है।अलीगढ़-पलवल खण्ड पैकेज-1 के रियायतग्राही के अनुसार वर्तमान में यातायात बाईं ओर से संचालित किया जा रहा है, जबकि दाईं ओर पर डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इसके उपरांत इस तैयार सड़क पर यातायात शुरू कर दिया जाएगा और एलएचएस पर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस व्यवस्था से यातायात को बेहतर सड़क उपलब्ध होने के साथ ही वर्तमान में चालू लेन पर धूल एवं वाहन संचालन में हो रही कठिनाइयों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।निर्माण कार्य पूरा होने तक राहगीरों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्य क्षेत्र और डायवर्जन वाले स्थानों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे धूल को नियंत्रित रखने और वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता उपलब्ध कराने में मदद मिल सके। इसके साथ ही यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग और साइनबोर्ड का नियमित रखरखाव भी किया जा रहा है। एनएचएआई द्वारा निर्माण अवधि के दौरान धूल नियंत्रण एवं यातायात सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। डामरीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद यातायात को नई तैयार लेन पर स्थानांतरित करने से आमजन को आवागमन में अपेक्षित राहत मिलेगी।



