अलीगढ़

छुटपुट हो रही बरसात के बीच डीएम-एसएसपी ने कांवड़ मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण

शिवभक्तों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता  

अलीगढ़ : आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार को अतरौली-रामघाट कल्याण मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। हल्की बारिश के बीच अधिकारियों ने बुलंदशहर सीमा तक पहुंचकर मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिरौली धूम सिंह गांव से आगे बुलंदशहर सीमा स्थित लोहगढ़ क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिरौली धूम सिंह एवं लोहगढ़ के स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित व्यवस्थाओं, यातायात और जनसुविधाओं के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए। जिला मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण के दौरान मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर वर्षा के कारण हुए जलभराव का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी अतरौली नारायण सिंह को तत्काल प्रभाव से समुचित जलनिकासी सुनिश्चित कराने और कांवड़ मार्ग को पूरी तरह सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निर्बाध आवागमन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। एसडीएम अतरौली ने जिला मजिस्ट्रेट को आश्वस्त किया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!