अलीगढ़

महिला आयोग की जनसुनवाई में 19 मामलों पर हुई सुनवाई

महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित न्याय और सुलह-समझौते से समाधान आयोग की प्राथमिकता  -मीना कुमारी

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण कराया जाएगा।जनसुनवाई के दौरान सदस्य महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत 19 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। राज्य महिला आयोग से संदर्भित मामलों में दोनों पक्षों एवं संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सुनवाई कर मौके पर ही निस्तारण कराने का प्रयास किया गया। मा0 सदस्य महिला आयोग ने जनसुनवाई में प्राप्त मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान 14 मामले घरेलू हिंसा से जुड़े और अन्य प्रकृति के5 मामले प्राप्त हुए।श्रीमती मीना कुमारी ने कहा कि राज्य महिला आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी है। आयोग महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण और अन्य महिला संबंधी मामलों में पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जहां भी संभावना होती है, वहां दोनों पक्षों की सहमति से सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना आयोग की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है। किसी भी पीड़िता को न्याय पाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं का प्रशासन और न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो।जनसुनवाई के उपरांत मा0 सदस्य महिला आयोग द्वारा क्वार्सी थाना के निकट संचालित वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अपराध ममता कुरील, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, एडीआईओएस राजकिशोर, थानाध्यक्ष क्वार्सी अरुण कुमार, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, नीतू सारस्वत, सीमा अब्बास, वंदना शर्मा एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!