जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने के लिए किया गया जागरूक
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पाकशाला, अस्पताल एवं महिला बैरक का किया निरीक्षण, स्वच्छता सुधारने के दिए निर्देश

अलीगढ़ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती साक्षी गर्ग ने जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं विधिक सहायता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सचिव ने कारागार की पाकशाला का अवलोकन किया। इस दौरान साफसफाई अपेक्षित स्तर पर न पाए जाने पर उन्होंने डिप्टी जेलर को पाकशाला में नियमित एवं समुचित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके उपरांत कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण कर उपचाराधीन बंदियों से स्वास्थ्य सेवाओं एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जनकारी प्राप्त की गई। बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और भोजन पर्याप्त मात्रा में दिया जाता है।सचिव श्रीमती साक्षी गर्ग ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकार के प्रति भी जागरूक किया उन्होंने ऐसे बंदियों, जिनके पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है, को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से लीगल एड डिफेंस काउंसिल के जरिए निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी और इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान महिला बैरक का भी अवलोकन किया गया महिला बंदियों से कारागार में उपलब्ध सुविधाओं एवं किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी ली गई। महिला बंदियों ने कारागार प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए किसी प्रकार की शिकायत नहीं होने की बात कही। उन्हें भी निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता एवं उसके लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि ऐसे सभी बंदियों से आवेदन-पत्र प्राप्त कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किए जाएं, जिन्हें लीगल एड डिफेंस काउंसिल के माध्यम से निःशुल्क अधिक्ता उपलब्ध कराया जाना है, ताकि उनके प्रार्थना-पत्रों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला कारागार की ओर से डिप्टी जेलर राजकुमार उपस्थित रहे।



