जल जीवन मिशन से ग्रामीण जीवन में आया बड़ा बदलाव
’’हर घर नल, हर घर जल’’ अभियान से हजारों परिवारों तक पहुंचा स्वच्छ पेयजल

अलीगढ़ : जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। ’’हर घर नल, हर घर जल’’ अभियान के माध्यम से हजारों ग्रामीण परिवारों तक पेयजल पहुंचने से स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है जिले के 1124 राजस्व ग्रामों में से 54 राजस्व ग्राम पूर्व निर्मित 43 पेयजल योजनाओं से लाभान्वित हैं। शेष 1070 राजस्व ग्रामों को 724 ग्रामीण पेयजल योजनाओं के माध्यम से आच्छादित किया जा रहा है। योजनाओं के तहत प्रस्तावित 730 नलकूपों, 722 पंप हाउस, 17120 किलोमीटर वितरण पाइपलाइन और 3,85,366 घरेलू नल कनेक्शन पूरे किए जा चुके हैं। वर्तमान में 97 योजनाओं के माध्यम से 140 राजस्व ग्रामों में नियमित और 539 ग्रामों में आंशिक जलापूर्ति की जा रही है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अध्ययन के अनुसार मिशन से डायरिया एवं टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों में कमी आई है। महिलाओं को पानी लाने में लगने वाले समय से राहत मिली है, बच्चों की पढ़ाई के लिए अधिक समय उपलब्ध हुआ है और ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है। जिले की अधिकांश पेयजल योजनाओं में सौर ऊर्जा आधारित पंपों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे बिजली की बचत, संचालन एवं अनुरक्षण लागत में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है। विशेषज्ञों का मानना है कि सामुदायिक पेयजल योजनाएं व्यक्तिगत सबमर्सिबल पंपों की तुलना में अधिक टिकाऊ, किफायती और भूजल संरक्षण के लिए बेहतर विकल्प हैं। साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग से भविष्य में कार्बन क्रेडिट अर्जित करने की भी संभावनाएं हैं। मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार कहते हैं कि जल जीवन मिशन ने जिले में यह सिद्ध किया है कि स्वच्छ पेयजल केवल एक मूलभूत सुविधा नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक विकास का सशक्त आधार है। जिले की यह उपलब्धि प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बन रही है।



