हर घर तिरंगा अभियान से गूंजेगा अलीगढ़, 17 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा जनपद
शहीदों के सम्मान से तिरंगा रैलियों तक, आजादी का अमृत संदेश घर-घर पहुंचाएगा प्रशासन

अलीगढ़ : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिले में ’’हर घर तिरंगा अभियान-2026’’ को जन-जन का अभियान बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में 17 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान को समर्पित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना और आजादी के अमर सेनानियों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और कर्तव्यबोध का जनआंदोलन है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने और निर्धारित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा आधारित कला, रंगोली, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यार्थी सैनिकों और पुलिस कर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ’’आभार पत्र’’ लिखेंगे। शहीद स्मारकों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। सरकारी भवनों, बाजारों, पंचायत भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा प्रकाश सज्जा एवं सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे।अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों, खादी भंडारों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों और स्थानीय बाजारों के माध्यम से तिरंगे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। 13 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट एवं तिरंगा मेला आयोजित होगा, जिसमें देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुलिस एवं विद्यालय बैंड की राष्ट्रभक्ति धुनें और शहीदों एवं पूर्व सैनिकों का सम्मान कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।15 अगस्त को सभी विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में ध्वजारोहण, तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, पौधरोपण एवं मिष्ठान वितरण आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों और पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदर्शनी, व्याख्यान, परिचर्चा, वृत्तचित्र प्रदर्शन एवं राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज जैसी गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को इतिहास से परिचित कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी नामित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करते हुए उसकी फोटो एवं गतिविधियों का विवरण हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन किया जाएगा और तिरंगा रैलियों में यातायात नियमों का भी कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित होगा।



