छर्रा अनाज मंडी में मजदूर से मारपीट और पैर काटने के आरोप पर बवाल, आक्रोशित ग्रामीणों ने मंडी गेट किया बंद—पुलिस से धक्का-मुक्की, भारी फोर्स तैनात
अलीगढ़ के छर्रा थाना क्षेत्र की अनाज मंडी में सोमवार को मजदूर के साथ मारपीट और पैर काटने के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया

अलीगढ़ के छर्रा थाना क्षेत्र की अनाज मंडी में सोमवार को मजदूर के साथ मारपीट और पैर काटने के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मजदूर के परिजन और गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में अनाज मंडी पहुंच गए और आढ़तिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।आरोप है कि मंडी में पल्लेदारी का काम करने वाले मजदूर के साथ आढ़तिया और एक अन्य व्यक्ति ने मारपीट की और उसका पैर काट दिया। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंडी में एकत्र हो गए और आढ़तिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।हंगामे के दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने आढ़तिया के मुनीम को भी पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट की पूरी घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अनाज मंडी का गेट बंद कर दिया, जिसके चलते मंडी परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही छर्रा थाना पुलिस के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराने और मंडी का गेट खुलवाने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और खींचतान हो गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।करीब दो घंटे तक मंडी और आसपास के इलाके में हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मजदूर के साथ हुई कथित मारपीट, पैर काटने के आरोप, मुनीम से मारपीट और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की समेत पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



