मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत की अध्यक्षता सिंचाई बन्धु की बैठक संपन्न
प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की फोटो सहित विस्तृत आख्या कराएं उपलब्ध

-विजय सिंह, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत
अलीगढ़ : मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में सिंचाई बन्धु की बैठक आहुत की गई। मा0 अध्यक्ष ने स्पष्ट कि बैठक में सक्षम अधिकारी ही प्रतिभाग करें। उन्होंने गत बैठक में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की फोटो सहित विस्तृत आख्या और यदि कार्य न हुआ हो तो इसका भी स्पष्ट कारण लिखित रूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि संबंधित का दायित्व निर्धारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी ईमानदारी से कार्य करें, अगर किसी भी स्तर पर कोई समस्या है तो उससे अवगत कराया जाए, कहीं भी संवादहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए।बैठक में किसानों ने जर्जर विद्युत पोल बदलवाए जाने, विद्युत वितरण उपखण्ड द्वितीय के कार्यालय को छर्रा में स्थापित किए जाने, थाना बरला के ग्राम बाबूपुर में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने अहिवासी भांकरी, दिहाली पर लहटोई ड्रेन को कब्जामुक्त कराए जाने, ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि में विद्युत कटौती से निजात दिलाने, हरदुआगंज रजवाहा में टेल तक पानी पहुॅचाने की शिकायतें प्राप्त हुईं। मा0 अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसान भाई बड़ी उम्मीद के साथ बैठक में आते हैं उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारी प्राथमिकता ही नहीं नैतिक जिम्मेदारी भी है।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत श्रवण कुमार सहित सिंचाई विभाग से स्टेनो प्रवीन कुमार समेत किसान चौ0 नवाब सिंह, प्रमोद कुमार वर्मा एवं अन्य अधिकारी व किसान बन्धु उपस्थित रहे।



