‘बुके नहीं, बुक’ की पहल के साथ शिक्षकों को संविधान की प्रति भेंट कर किया सम्मान
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने जनपद के 9 प्रधानाचार्यों एवं 25 श्रेष्ठ शिक्षकों को संविधान की प्रति भेंट कर एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया

शिक्षक दिवस के अवसर पर एसएमबी इंटर कॉलेज, अलीगढ़ में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ।कार्यक्रम में स्नातक विधायक डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरुजी’ एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने जनपद के 9 प्रधानाचार्यों एवं 25 श्रेष्ठ शिक्षकों को संविधान की प्रति भेंट कर एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।मुख्य अतिथि डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं। इस प्रकार के सम्मान से शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों का मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर कार्य के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों एवं गलत नैरेटिव के प्रति जागरूक करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का कुशल मार्गदर्शन एवं उन्हें करियर के प्रति जागरूक करना शिक्षकों का दायित्व है। ‘बुके नहीं, बुक’ की पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संविधान में निहित अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध कराना है।कार्यक्रम का संचालन डीएवी इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. विपिन कुमार ने किया,इस अवसर पर केके शर्मा, प्रदीप कुमार, राजीव अग्रवाल, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा, दिग्विजय सिंह, जिला क्रीड़ा सचिव सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



