आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के चेहरे पर बिखरी खुशी
सहायिका और कार्यकत्रियों ने मानदेय बढोत्तरी का किया स्वागत

अलीगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मंगलवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी की जन्मभूमि अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 4 हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की घोषणा की गई। जिले के कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर सहित सभी ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। मानदेय बढ़ोत्तरी की घोषणा होते ही कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।मानदेय में वृद्धि के बाद अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 8 हजार के स्थान पर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को 6 हजार के स्थान पर 8 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने अयोध्या कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए साड़ी के लिए धनराशि उनके बैंक खातों में प्रेषित करने के साथ ही मंच पर सांकेतिक रूप से साड़ी भी प्रदान कीं, साथ ही अतिकुपोषित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए पोषण किट वितरित की गईं और बढ़े हुए मानदेय का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया गया।अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी ने विभागीय उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है। स्मार्टफोन की सुविधा से आंगनबाड़ी केंद्रों को रियल टाइम डाटा से जोड़ा गया है, जिससे योजनाओं की प्रभावी निगरानी और बेहतर क्रियान्वयन संभव हो रहा है।जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 237 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी उपस्थित रहीं। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई घोषणाओं से प्रदेश की करीब 3.28 लाख आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को लाभ मिलेगा, वहीं जिले में 3,039 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं इतनी ही सहायिकाओं को भी लाभ मिलेगा।मा0 मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका की तुलना द्वापर युग में यशोदा मैया द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के लालन-पालन से की थी। आज भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक सरकार की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मानदेय में बढ़ोतरी को उन्होंने उनकी सेवाओं के सम्मान और प्रोत्साहन के रूप में लिया।
मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि पहले महिलाएं पुरुषों पर आश्रित थीं। अब महिलाओं को समाज की मुख्य धारा में लाया जा रहा है। महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाया जा रहा है। सबका साथ सबका विकास के मंत्र के साथ सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी ने कहा कि जिले में 237 नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2011 में आपका मानदेय 3000 था। 2018 में 4500 किया गया, फिर 6000 फिर 8000 और अब 12000 मिलेगा। इसी प्रकार से सहायिकाओं के मानदेय में भी बड़ी वृद्धि की गई है। राष्ट्र निर्माण में आपका बड़ा योगदान है।
कार्यक्रम में हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दीं। मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह, विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी, राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर की माताजी श्रीमती रजनी दिलेर का पुष्प गुच्छ एवं पुस्तक भेंटकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 11 बच्चों को लैपटॉप प्रदान किए गए।
इनको मिले नियुक्ति पत्र:
इगलास परियोजना के लिए बबीता, पिंकी, टप्पल के लिए अंजलि, अतरौली के लिए छाया, पूजा, निशा, कविता, खैर के लिए ममता, कमलेश, चंडौस के लिए रश्मि, नीतू, प्रियंका, जवां के लिए सोनम, निलेश, रूबी भारद्वाज, गंगीरी के लिए निकिता, रेनू, अकराबाद के लिए पूजा, आशा, आकांक्षा, आसमा खान, लोधा के लिए आकांक्षा, विजय भारती, शहरी परियोजना में प्रिया वार्ष्णेय, नूतन गुप्ता, कुमारी ममता, बबीता, धनीपुर के लिए कनक सिंह जादौन, साक्षी शर्मा और गोंडा के लिए कीर्ति चौधरी, प्रियंका और शिवानी को नियुक्त पत्र प्रदान किए गए। कन्या सुमंगला योजना में बेबी दशिता, भूमिका, केशवी, खुशी, अलीशा, मोनिका, ताशिका को बेबी किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कांत राय, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, जिला कृषि अधिकारी समेत सभी सीडीपीओ एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीतू सारस्वत द्वारा किया गया।



