अलीगढ़

आरएमपीएस विश्वविद्यालय निर्माण कार्यों की कमियां 15 दिन में दूर करें -आयुक्त

विश्वविद्यालय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर लगेगा अर्थदंड -ओ0पी0 आर्य

अलीगढ़  मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल ओ0पी0 आर्य ने शनिवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। प्रशासनिक भवन में विश्वविद्यालय एवं निर्माणकारी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने विगत निरीक्षणों में सामने आई कमियों को अगले 15 दिनों में पूरी तरह दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। विश्वविद्यालय में स्थापित सभी उपकरणों के बेहतर रखरखाव के लिए वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य भवन के सामने प्रवेश द्वार की सड़क पर मिली कमियों को भी कार्य पूर्ण होने के बाद दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रबुद्ध सिंह ने बताया कि वर्तमान में कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय जांच समिति द्वारा निरीक्षण एवं सत्यापन किए जाने के बाद ही विश्वविद्यालय का हैंडओवर लिया जाएगा।बैठक के बाद मंडलायुक्त ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे शैक्षणिक भवन-3 का भी जायजा लिया। अधिशासी अभियंता राजकीय निर्माण निगम ने बताया कि 24.66 लाख रुपये की लागत से जी$2 शैक्षणिक भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्य एवं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच के साथ थर्ड पार्टी निरीक्षण का भी प्रावधान किया गया है।मंडलायुक्त ने परिसर में यूपीआरएनएसएस द्वारा कराए जा रहे अतिथिगृह निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा आवंटित धनराशि के सापेक्ष व्यय की उपयोगिता प्रमाण-पत्र भी प्रेषित कर दिया गया है। कार्य निरंतर प्रगति पर है।निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विश्वविद्यालय एवं निर्माणकारी संस्थाओं के अधिकारियों को पर्यवेक्षण व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा फर्म की ओर से अनावश्यक विलंब पाए जाने पर नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी नवीन एवं चिन्हित कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा कराने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव, एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, रजिस्ट्रार प्रबुद्ध सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्माण खण्ड ए के राही समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!