अलीगढ़

डिफेंस कॉरिडोर में निर्बाध बिजली-पानी और पुख्ता सुरक्षा पर मंडलायुक्त का जोर

औद्योगिक इकाइयों के अनुकूल वातावरण के लिए विद्युत, सुरक्षा और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर

अलीगढ़ : मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ ओ0पी0 आर्य ने डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अवस्थापना सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ परिसर में संचालित एवं प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने विशेष रूप से निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त एवं नियमित जलापूर्ति और अन्य आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर क्षेत्र में स्थापित एवं प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि औद्योगिक गतिविधियों के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने परिसर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार व्यवस्था को और मजबूत करने एवं संभावित व्यवधानों के त्वरित समाधान की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी व्यवस्थित और सुदृढ़ बनाए रखने पर बल दिया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से संबंधित अवस्थापना कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!