अलीगढ़

असहाय सगीर अहमद को मिला सहारा, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया तो हैंड्स फॉर हेल्प ने की मदद।

सूचना मिलते ही संस्था की टीम मौके पर पहुंची

 

अलीगढ़। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था को विक्रम भारती के द्वारा सूचना मिली कि नुमाइश मैदान में एक युवक बेहद दयनीय हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही संस्था की टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने टीम को बताया कि पुलिस के सिपाही युवक को उपचार के लिए मलखान सिंह जिला चिकित्सालय ले गए हैं। इसके बाद संस्था की टीम अस्पताल पहुंची और युवक की देखभाल शुरू की। संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल में युवक की पहचान सगीर अहमद पुत्र रसीद अहमद, उम्र 22 वर्ष, निवासी जरारी के रूप में की। युवक की हालत बेहद खराब थी। उसके दाएं पैर में गंभीर संक्रमण था और कपड़े फटे व गंदे थे। उसकी स्थिति देखकर लग रहा था कि काफी समय से उसे उचित देखभाल नहीं मिल पा रही थी। अस्पताल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार करते हुए उसके पैर की पट्टी की। इसके बाद हैंड्स फॉर हेल्प की टीम ने सगीर अहमद को नहलाकर साफ-सफाई कराई, नए कपड़े पहनाए और भोजन उपलब्ध कराया। इस मानवीय कार्य में डॉ. डी.के. वर्मा, दीपक खन्ना और अजय राणा उपस्थित रहे। हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने युवक को समय रहते उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने वाले पुलिस के सिपाहियों के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया। संस्था ने कहा कि पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदना के कारण युवक को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। वर्तमान में सगीर अहमद मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन है और अस्पताल की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। हैंड्स फॉर हेल्प ने कहा कि ऐसे जरूरतमंद और असहाय लोगों तक पहुंचकर उनकी यथासंभव मदद करना संस्था का निरंतर प्रयास है। संस्था का उद्देश्य समाज में संवेदना, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!