न्यायालय से निकला सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश
गांधी जयंती पर न्यायिक अधिकारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

अलीगढ़ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जिला न्यायालय परिसर गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश से गुंजायमान रहा। गांधी एवं शास्त्री जी के जन्मदिवस पर आयोजित सभा के साथ स्वच्छता अभियान में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने स्वच्छता को व्यक्तिगत जिम्मेदारी को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति श्री ए.एन. मित्तल, माननीय न्यायमूर्ति श्री इफाकत अली खान एवं जनपद न्यायाधीश श्री पंकज कुमार अग्रवाल ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।माननीय न्यायमूर्तिगण ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं न्यायपरक जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उपस्थितजनों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पराविधिक स्वयंसेवकों ने विभिन्न विद्यालयों में प्रभात फेरी निकालकर गांधी जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया। प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, नशा मुक्ति एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम ने गांधी जयंती को केवल स्मरण का अवसर न बनाकर उनके विचारों को व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया।



