श्रीराम बारात शोभायात्रा में नागरिक सुरक्षा विभाग ने संभाली सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था
नागरिक सुरक्षा विभाग के सेक्टर वार्डन, गृह अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा के जवानों की विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई

अलीगढ़। आज श्रीराम बारात शोभायात्रा के अवसर पर जनपद अलीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों ने शासन-प्रशासन के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शोभायात्रा को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नागरिक सुरक्षा विभाग के सेक्टर वार्डन, गृह अग्निशमन एवं प्राथमिक चिकित्सा के जवानों की विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई।अपर जिलाधिकारी नगर एवं प्रभारी नागरिक सुरक्षा विभाग, अलीगढ़ श्रीमती संगीता देवी के मौखिक एवं दूरभाष पर प्राप्त आदेशों के अनुपालन में तथा उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा विभाग, अलीगढ़ सुश्री संगीता त्रिपाठी के निर्देशन में यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इस दौरान चीफ वार्डन/कमांडिंग ऑफिसर श्री सी.पी. सिंह की उपस्थिति में स्वयंसेवकों ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया।शोभायात्रा के दौरान टीकाराम मंदिर से सेंटर प्वाइंट, अतरौली अड्डा, रामघाट रोड, विष्णुपुरी, बजरिया, गुरुद्वारा रोड एवं छर्रा अड्डा पुल होते हुए जनकपुरी रामलीला भवन तक विभिन्न स्थानों पर नागरिक सुरक्षा विभाग के जवान तैनात रहे।
स्वयंसेवकों ने भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाई।नागरिक सुरक्षा विभाग के जवानों ने पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शोभायात्रा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग किया। इस दौरान सुरक्षा, अनुशासन एवं जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी ने अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन किया।नागरिक सुरक्षा विभाग, जनपद अलीगढ़ ने धार्मिक आयोजनों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में जनसुरक्षा, सेवा और प्रशासनिक सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



