अलीगढ़

13 हजार तक मासिक इंसेंटिव पाकर आशा बहनों ने पेश की मिसाल, डीएम ने किया सम्मानित

सरला देवी को मिला सर्वाधिक 13,000 का इंसेंटिव, चार आशा कार्यकर्ताओं की उपलब्धि अन्य के लिए बनी प्रेरणा

अलीगढ़ : बेहतर कार्य के दम पर रुपया 10 हजार से अधिक का मासिक इंसेंटिव प्राप्त कर आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी कार्यक्षमता और समर्पण की मिसाल पेश की है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चार आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धियां अन्य आशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती हैं।मासिक इंसेंटिव प्राप्त करने में सीएचसी अतरौली के ग्राम विधिपुर की सरला देवी रुपया 13,000 के साथ प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं, सीएचसी इगलास के ग्राम नगला हीरा की दीपिका ने रुपया 12,600, सीएचसी जवां के ग्राम समसपुर कोटा की रंजना ने रुपया 12,485 और सीएचसी चंडौस के ग्राम अंजना की नीलम देवी ने रुपया 10,675 का मासिक इंसेंटिव प्राप्त किया। इन सभी को बेहतर कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर न केवल मासिक इंसेंटिव के माध्यम से अपनी आय बढ़ा सकती हैं, बल्कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाकर जनसेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने अन्य आशा कार्यकर्ताओं से इनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य से जहां आशा बहनों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, वहीं आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!