स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें: प्रेक्षक
विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों की हुई समीक्षा

अलीगढ़ उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक हीरालाल पटेल की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन तैयारियों, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, वीडियोग्राफी एवं पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के उपरांत प्रेक्षक द्वारा पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी स्थल राजकीय नौरंगी लाल इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। प्रभारी अधिकारी कार्मिक एवं सीडीओ योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार द्वारा सभी प्रभारी अधिकारियों को दायित्व निर्वहन के सबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं।बैठक का संचालन करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि निर्वाचन के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 37 मुख्य एवं 11 सहायक मतदेय स्थल सहित कुल 48 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के लिए 19 मुख्य मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 67 मुख्य एवं सहायक मतदेय स्थल निर्धारित हैं। सभी सबंधित एसडीएम एवं बीडीओ द्वारा मतदान केंद्रों का सत्यापन करा लिया गया है। मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक होगा। मतदान टोलियों की रवानगी 22 अक्टूबर को होगी।उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23,185 पुरुष एवं 15,958 महिला सहित कुल 39,143 मतदाता हैं। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,444 पुरुष एवं 2,602 महिला सहित कुल 7,046 मतदाता पंजीकृत हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 46,189 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए रिजर्व कार्मिक सहित 296 मतदान कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों के आवागमन के लिए 44 हल्के वाहन और 26 बसों सहित कुल 70 हल्के एवं भारी वाहनों का उपयोग किया जाएगा। सुरक्षा एवं निगरानी की दृष्टि से निर्वाचन क्षेत्र को 7 जोन एवं 37 सेक्टर में विभाजित किया गया है। मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के लिए 67 वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। 67 मतदेय स्थलों पर 134 मतपेटियां प्रयोग में लाई जाएंगी।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान कार्मिकों, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं माइक्रो ऑब्जर्वर को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी के लिए नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज निर्धारित किया गया है। निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के प्रथम तल पर कंट्रोल रूम संचालित है, जिसका दूरभाष नंबर 0571-2420141 है। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण रखने, मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी करने और निर्वाचन को निष्पक्ष, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक योगेंद्र कुमार, एडीएम सिटी संगीता देवी, एसडीएम सदर गजेंद्र सिंह, पीटीओ ज्योति मिश्रा, तहसीलदार सदर रामगोपाल, एडीओ पंचायत देशराज गिरि एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय शर्मा उपस्थित रहे।



