अलीगढ़

पीएचसी पर मरीजों को समय से मिलेंगी जरूरी दवाएं

सीएमओ ने इंडेंट आईडी बनाने के दिए निर्देश

अलीगढ़   प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल तेज कर दी है। दवाओं की उपलब्धता में बाधा न आए और मरीजों को दवा के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को दवा इंडेंट की आईडी जल्द से जल्द बनवाकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इससे संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की ओर से दवाओं की मांग भेजने की प्रक्रिया सुचारु हो सकेगी और मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा इंडेंट की आईडी अभी तक नहीं बनी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर इसे बनवाया जाए, ताकि दवाओं की मांग भेजने में देरी न हो। विभाग का उद्देश्य पीएचसी पर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना और मरीजों को समय पर उपचार के साथ जरूरी औषधियां उपलब्ध कराना है। गौरतलब है कि प्रदेश की 498 पीएचसी से पिछले दो माह में दवाओं की मांग नहीं भेजे जाने का मामला सामने आया है। इनमें अलीगढ़ की कई पीएचसी भी शामिल हैं। इस स्थिति को लेकर शासन ने संबंधित जिलों के सीएमओ से तीन माह की ओपीडी, मरीजों के उपचार और दवा वितरण का ब्योरा मांगा था।जिले में 15 शहरी पीएचसी पर विभिन्न कारणों से दवाओं की मांग नहीं भेजी जा सकी थी, जबकि एक ग्रामीण पीएचसी पर फार्मासिस्ट के स्थानांतरण के चलते प्रक्रिया प्रभावित हुई। हालांकि, मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराने के लिए आसपास की पीएचसी से दवाएं मुहैया कराने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। ग्रामीण पीएचसी से अब दवाओं की मांग भी भेज दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंडेंट आईडी बनवाने के निर्देशों को इसी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे दवाओं की मांग समय से भेजने, आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और पीएचसी पर आने वाले मरीजों को इलाज के दौरान जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!