फिटनेस सेंटर के लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति, जांच रिपोर्ट शासन को भेजी
फिटनेस जांच में अनियमितताओं और निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने संबंधी शिकायतों की जांच

अलीगढ़ इगलास रोड स्थित अलीगढ़ ऑटो व्हीकल्स फिटनेस सेंटर के विरुद्ध फिटनेस जांच में अनियमितताओं और निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने संबंधी शिकायतों की जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। जांच समिति की आख्या जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दी गई है। अब प्रकरण में शासन स्तर से निर्णय लिया जाना है।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन सत्येंद्र कुमार माथुर ने बताया कि सेंटर के विरुद्ध विभिन्न माध्यमों से फिटनेस जांच में अनियमितता और निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त धनराशि लिए जाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों की जांच के लिए जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन को शामिल करते हुए समिति गठित की गई थी।समिति ने प्राप्त शिकायतों के संबंध में जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। आख्या में सेंटर का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने सेंटर के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी। फिटनेस सेंटर पर व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी जांच की जिम्मेदारी है। ऐसे में जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के मद्देनजर सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। हालांकि, लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में अंतिम निर्णय शासन स्तर से लिया जाना है।



