प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल बना विजेता
फाइनल मुकाबले में मेरठ मंडल को 55-40 अंकों से दी शिकस्त, मेरठ मंडल उपविजेता

अलीगढ़ खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। फाइनल में वाराणसी मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ मंडल को 55-40 अंकों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। मेरठ मंडल की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का आयोजन 28 से 31 अक्टूबर तक किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर आयुक्त अखिलेश यादव ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन और खेल भावना का विशेष महत्व है। खिलाड़ियों को प्रतिद्वंद्वी के प्रति सम्मान रखते हुए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। किसी खिलाड़ी को चोट पहुंचाना न केवल हानिकारक है, बल्कि खेल भावना के भी विपरीत है।
समापन समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार, पूर्व नगर विधायक विवेक बंसल, डॉ. ए.के. सिंह, रजत चौधरी, शशांक गुप्ता, डॉ. राकेश सक्सेना, अमित पाल, विनीत गौतम, अफजाल हमीद, प्रमोद कुमार शर्मा, दाऊदयाल गुप्ता, अरविंद यादव, किशनलाल अरोड़ा, मुकेश कुमार, मोहम्मद नदीम, मीनाक्षी गौड़, लोकेश कांत एवं विकास चौहान सहित वरिष्ठ खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।अंत में क्रीड़ाधिकारी पूनम लता राज ने मुख्य अतिथि, जिला प्रशासन, मेडिकल टीम, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



