16 नवम्बर से शुरू होगी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की स्व-गणना, 01 दिसम्बर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
समयबद्ध एवं त्रुटिरहित जनगणना के लिए मंडलीय समीक्षा बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

अलीगढ़ : भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं अब तक की प्रगति की मंडलीय समीक्षा बैठक मंगलवार को मंडलीय जनगणना अधिकारी, अलीगढ़ मंडल ओपी आर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में 16 से 30 नवम्बर 2026 तक 15 दिनों के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों का निर्धारित विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने पर प्राप्त एस ई आई डी को सुरक्षित रखना होगा और घर-घर गणना के दौरान प्रगणक के पहुंचने पर उसे उपलब्ध कराना होगा द्वितीय चरण में 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक 35 दिनों तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर गणना की जाएगी। इस दौरान नियुक्त प्रगणक आवंटित गणना ब्लॉकों में पहुंचकर प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित निर्धारित जानकारियां एकत्र करेंगे। इसके बाद 05 से 09 जनवरी 2027 तक पांच दिनों का पुनरीक्षण चरण संचालित होगा, जिसमें पूर्व में की गई गणना का सत्यापन एवं पुनरीक्षण करते हुए छूटे हुए व्यक्तियों तथा आवश्यक संशोधनों से संबंधित कार्य पूरा किया जाएगा। समीक्षा बैठक में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, उनके प्रशिक्षण, गणना ब्लॉकों के आवंटन, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, तकनीकी व्यवस्थाओं और जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंडलीय जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूर्ण कर लें। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि गणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि अथवा असुविधा न हो। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य संस्थाओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिकाधिक जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया। मंडलीय जनगणना अधिकारी ने आमजन से अपील की कि भारत की जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। नागरिक 16 नवम्बर से प्रारंभ होने वाली स्व-गणना सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं, अपनी जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज करें तथा घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।



