मा0 राज्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उत्तर प्रदेश ने की विभागीय समीक्षा
मण्डल में 910 अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को 2 करोड़ 80 लाख की मिली छात्रवृत्ति

दानिश आजाद अंसारी, मा0 राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
अलीगढ़ केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याणार्थ विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। राज्य सरकार मा0 प्रधानमंत्री जी के विजन एक हाथ में कुरान एक हाथ में कम्प्यूटर के विजन को साकार करने के लिए मदरसों में दीनी तालीम से लेकर तकनीकी शिक्षा के प्रति संवेदनशील रहकर धरातल पर कार्य कर रही है।
उक्त उद्गार मा0 राज्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उत्तर प्रदेश श्री दानिश आजाद अंसारी ने एक निजी होटल में व्यक्त किए वह अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की मण्डलीय समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ डा0 अमृता सिंह ने बताया कि मण्डल में पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत 530 छात्र-छात्राओं एवं दशमोत्तर के तहत 380 छात्र-छात्राओं के खातों में 2 करोड़ 80 लाख रूपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में 116 मान्यता प्राप्त मदरसे एवं 04 राज्य सरकार से अनुदानित मदरसे हैं। इसी प्रकार कासगंज, एटा व हाथरस में क्रमशः 69, 48 एवं 12 मान्यता प्राप्त मदरसे हैं। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना में जनपद कासगंज में हुए अच्छे कार्यो की सराहना करते हुए मा0 मंत्री जी ने अन्य जिलों से भी प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अलीगढ़ निधि गोस्वामी ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत 2022 में 52 लाख की लागत से राजकीय हाईस्कूल भुजपुरा, 2023 में 52 लाख की लागत से राजकीय हाईस्कूल रोरावर एवं 2024 में 17.74 लाख से नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में टॉयलेट, प्रेक्टिकल लैब एवं लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया है। जिले में नए प्रस्ताव के तहत भूमि उपलब्धता के संबंध में उच्चाधिकारियों से संपर्क किया गया है।
मा0 मंत्री जी ने अल्पसंख्यक अधिकार दिवस 18 दिसंबर को भव्य आयोजन करने के निर्देश देते हुए कहा कि मदरसों में अध्ययनरत एवं टॉपर बच्चों के प्रोत्साहन के लिए एएमयू में शैक्षिक भ्रमण कराया जाए। उन्होंने मदरसों में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को मदरसों का नियमित रूप से भ्रमण व निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित निजी मदरसा संचालकों को सचेत किया कि मदरसों में बच्चों को अच्छे से पढ़ाएं, किसी की पढ़ाई के साथ खिलवाड़ न हो।एनसीआरटी एवं एससीआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार उन्हें गुणवत्तापरक शिक्षा दी जाए। वक्फ सम्पतियों की समीक्षा में वक्फ इंस्पेक्टर मो0 इकबाल ने बताया कि जिले में 1669 सुन्नी वक्फ सम्पत्ति एवं 97 शिया वक्फ सम्पत्ति हैं।
बैठक में उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ डा0 अमृता सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अलीगढ़ निधि गोस्वामी, वक्फ इंस्पेक्टर मो0 इकबाल लेखाकार खान चन्द, दानिश खान, मदरसा इस्लामिया अरबिया मौलाना आजाद नगर, प्रधानाचार्य समीउर्रहमान, मदरसा ए अरबिया बलाई किला मोइउद्दीन एवं अध्यापक जिला उर्रहमान समेत अन्य मदरसा संचालक उपस्थित रहे।



