अलीगढ़

20 नवंबर से कलेक्ट्रेट सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में शुरू होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोलकर निकाली गईं ईवीएम-वीवीपैट

अलीगढ़ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए 20 नवंबर से जिले में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम स्ट्रांग रूम खोला गया और मतदेय स्थलों के लिए निर्धारित ईवीएम में से 8 प्रतिशत मशीनें प्रदर्शन के लिए निकाली गईं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्ट्रांग रूम पुनः बंद कर दिया गया।
कलेक्ट्रेट सहित जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थापित होने वाले इन प्रदर्शन केंद्रों पर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता ईवीएम एवं वीवीपैट के माध्यम से मतदान का डेमो कर सकेंगे। इस दौरान उन्हें मशीनों के संचालन, मतदान करने की प्रक्रिया और वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की जानकारी दी जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समस्त मतदाताओं एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे अपने निकटवर्ती ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर डेमो के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को समझें। मशीनों की कार्यप्रणाली को लेकर किसी भी प्रकार की शंका होने पर मौके पर उसका समाधान भी प्राप्त करें। इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति जागरूक कर मतदान प्रक्रिया के संबंध में उनकी जानकारी और विश्वास को और मजबूत करना है।
इस अवसर पर भाजपा से उदयवीर सिंह लोधी, अवध प्रकाश सिंह बघेल, मुन्नालाल कश्यप, सुभाष गुप्ता सुभानु, माकपा से इदरीस अहमद, बीएसपी से बिजेंद्र सिंह विक्रम, एडवोकेट अशोक सिंह, एसपी से मोहम्मद शाकिर अंसारी, अब्दुल हमीद घोसी, मनोज यादव, कांग्रेस से नदीम गफूर उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!