सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान
118 वाहनों के चालान, 6 वाहन सीज

अलीगढ़। प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को जनपद अलीगढ़ में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या-1685/तीस-3-2026 (1074524) दिनांक 05.11.2026 तथा परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-3473स0सु0/2026-16स0सु0/2023 दिनांक 06.11.2026 के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्टंट ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच की गई तथा निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा ओवरस्पीडिंग के 42, ड्रंकेन ड्राइविंग के 7, रांग साइड ड्राइविंग के 8, सीट बेल्ट के 12, हेलमेट के 25, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के 10 तथा ओवरलोड स्कूली वाहनों के 2 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त 12 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 118 वाहनों के चालान किए गए तथा 6 वाहनों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई।परिवहन विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सके।



