सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: नियमों का उल्लंघन करने वाले 247 वाहन चालकों के चालान

अलीगढ़। प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या-1685/तीस-3-2026 (1074524) दिनांक 05.11.2026 तथा परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-3473स0सु0/2026-16स0सु0/2023 दिनांक 06.11.2026 के क्रम में आयोजित इस अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 13 वाहन चालकों तथा बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के वाहन चलाने वाले 41 वाहन चालकों के चालान किए गए।इसके अतिरिक्त हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अनधिकृत संचालन तथा बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 193 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 247 वाहनों के चालान एवं बंद की कार्रवाई की गई।चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन की शपथ भी दिलाई गई।परिवहन विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।



