नागरिक सुरक्षा विभाग ने कराया ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, हवाई हमले से बचाव और आपातकालीन तैयारियों का किया अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले का लाल संकेत मिलते ही पांच मिनट के भीतर अलर्ट जारी किया

अलीगढ़। अचानक हवाई हमला होने अथवा युद्ध जैसी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर आम नागरिकों की जान बचाने और संबंधित विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से रविवार शाम नागरिक सुरक्षा विभाग, अलीगढ़ की ओर से ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, घंटाघर के निकट शाम छह बजे आयोजित इस अभ्यास में सायरन बजते ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, घायलों को निकालने, आग पर काबू पाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रदर्शन किया गया।जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अविनाश कुमार के आदेशानुसार तथा अपर जिलाधिकारी नगर एवं प्रभारी नागरिक सुरक्षा श्रीमती संगीता नेगी के निर्देशन में आयोजित मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, डीजीएमओ, विद्युत विभाग, नगर निगम सहित अन्य आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों ने सहभागिता की।मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले का लाल संकेत मिलते ही पांच मिनट के भीतर अलर्ट जारी किया गया। सायरन बजाकर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों और निर्धारित शेल्टर तक पहुंचने का अभ्यास कराया गया। वहीं, हमला टलने पर हरे संकेत के साथ ऑल क्लियर की धुन बजाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों से बाहर निकलने की प्रक्रिया समझाई गई।अभ्यास के दौरान फायर फाइटर टीम ने आग बुझाने का प्रदर्शन किया, जबकि प्राथमिक उपचार टीम ने घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।
गंभीर रूप से जले एवं घायल व्यक्तियों को ऊंची इमारतों से सुरक्षित नीचे उतारकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का भी प्रदर्शन किया गया।नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आम नागरिकों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, सायरन के संकेतों को समझने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर एवं चीफ वार्डन श्री सी.पी. सिंह सहित नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों, वार्डन स्वयंसेवकों एवं संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय और बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखना तथा आमजन को जागरूक करना रहा। मॉक ड्रिल का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर एवं चीफ वार्डन श्री सी.पी. सिंह ,आपदा विशेषज्ञ दीपक मिश्रा ने किया



