अलीगढ़

विशेष लोक अदालत में यातायात चालानों का निस्तारण होगा और आसान

डिजिटल भुगतान के लिए पीएलवी को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

अलीगढ़  मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित चालानों के त्वरित एवं सुगम निस्तारण के लिए आगामी 28 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। विशेष लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक वादकारियों को सहजता से लाभान्वित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला न्यायालय परिसर में पराविधिक स्वयंसेवकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पंकज कुमार अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव साक्षी गर्ग के आदेशानुसार संपन्न हुआ। जिला न्यायालय परिसर स्थित पुस्तकालय सभागार में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में कम्प्यूटर अनुभाग के सिस्टम ऑफिसर भृगुराज अटल एवं प्रवीण कुमार ने पीएलवी को पेमेंट सेतु एप के क्रियान्वयन एवं सफल संचालन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पीएलवी को एप के माध्यम से यातायात चालानों के डिजिटल भुगतान, भुगतान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों और चालानों के निस्तारण में इसकी उपयोगिता के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि विशेष लोक अदालत के दौरान वादकारियों को डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया समझाने, आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने और भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान में पीएलवी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विशेष लोक अदालत में आने वाले वादकारियों को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित प्रक्रिया के माध्यम से राहत उपलब्ध कराना है। डिजिटल भुगतान व्यवस्था के प्रभावी उपयोग से चालानों के निस्तारण में लगने वाले समय को कम करने के साथ ही आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने में भी मदद मिलेगी। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण साक्षी गर्ग ने आमजन से अपील की है कि मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित यातायात चालानों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर को आयोजित विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं। किसी भी प्रकार की विधिक सहायता अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए प्राधिकरण के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18004190234 एवं 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!