अलीगढ़

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: अवैध पार्किंग और ड्रंकेन ड्राइविंग के खिलाफ चला अभियान

147 वाहनों के चालान

अलीगढ़। प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र संख्या-1685/तीस-3-2026 (1074524), दिनांक 05.11.2026 एवं परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-3473स0सु0/2026-16स0सु0/2023, दिनांक 06.11.2026 के निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 25 नवंबर 2026 को मार्गों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों तथा ड्रंकेन ड्राइविंग के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े 26 वाहनों के चालान किए गए तथा ड्रंकेन ड्राइविंग के अभियोग में 9 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त हेलमेट के 56, सीट बेल्ट के 5, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 8, एचएसआरपी के 23 तथा बिना बीमा के 20 चालान किए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 147 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं बंद की कार्रवाई की गई।प्रवर्तन अभियान के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें बताया गया कि सड़क के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा न करें तथा वाहन चलाते समय किसी भी स्थिति में शराब का सेवन न करें। साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा सभी आवश्यक वाहन दस्तावेज साथ रखने की अपील की गई।चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!