अलीगढ़

मतदाता सूची एवं निर्वाचन संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर रहा जिला प्रशासन

12 से 27 नवंबर तक शिकायत निस्तारण केंद्र पर प्राप्त सभी 140 शिकायतों का किया गया समाधान

मतदाता पहचान पत्र, नाम, फोटो एवं पते में संशोधन से संबंधित शिकायतें सर्वाधिक

अलीगढ़ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और प्रत्येक मतदाता को निर्वाचन संबंधी सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हों।इसी क्रम में मतदाताओं की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में 12 नवंबर से शिकायत निस्तारण केंद्र संचालित किया जा रहा है। केंद्र पर 27 नवंबर को अपरान्ह 2 बजे तक कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका संबंधित टीम द्वारा निस्तारण कर दिया गया है।एडीएम एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि शिकायत निस्तारण केंद्र दो पालियों में संचालित है। प्रथम पाली प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से रात्रि 8 बजे तक कार्य कर रही है। केंद्र पर विपिन गौड़, अंकित कौशिक एवं रोहिताश सहित दो अन्य टीमों के सदस्य मतदाताओं की शिकायतें एवं समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए कार्य कर रहे हैं।केंद्र पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में टीम के सदस्यों ने बताया कि अधिकांश शिकायतें मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी हैं। इनमें आवेदन करने के बावजूद मतदाता पहचान पत्र प्राप्त न होना, पता परिवर्तन के लिए आवेदन करने के बाद भी संशोधित पता दर्ज न होना और नाम, फोटो एवं पते में संशोधन से संबंधित मामले प्रमुख हैं। विधानसभा क्षेत्रवार शिकायतों में सर्वाधिक शिकायतें शहर विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त हुई हैं। इसके बाद कोल एवं अतरौली विधानसभा क्षेत्रों का स्थान है।
जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्तरों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई हैं, जहां मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने एवं निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या, जानकारी अथवा शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 अथवा कलेक्ट्रेट स्थित शिकायत निस्तारण केंद्र के दूरभाष नंबर 0571-2420141 पर संपर्क करें। पात्र नागरिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें तथा नाम सम्मिलित न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!