28 एवं 29 नवम्बर को अलीगढ़ मण्डल के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस
पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं विवरणों का सत्यापन अवश्य करें

अलीगढ़ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 28 एवं 29 नवम्बर को अलीगढ़ मण्डल के अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे और नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
मण्डलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक ओ.पी. आर्य ने मण्डल के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांच लें। सूची में नाम दर्ज न होने अथवा नाम, पता आदि में संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं स्थान परिवर्तन करने वाले नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। मण्डलायुक्त ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने चारों जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति, अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची निष्पक्ष एवं सुदृढ़ लोकतंत्र का आधार है। अतः सभी पात्र नागरिक 28 एवं 29 नवम्बर को अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
—–



