विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाएं, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं
बच्चों के पोषण से लेकर छात्रवृत्ति तक, प्रत्येक योजना का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी

आयुक्त ओ.पी. आर्य
अलीगढ़ : आयुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ ओ.पी. आर्य की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मंडलीय विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, लंबित परियोजनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ करे। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि आमजन को उसका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। विभागीय समन्वय के अभाव में कोई भी परियोजना लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार ने सेतु निर्माण में प्रगति और सड़क निर्माण कार्यों में सुधार के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आगामी समीक्षा में प्रगति परिलक्षित होने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुक्त ने अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. नीरज त्यागी को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय से मिलना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। फैमिली आईडी निर्माण एवं पर्यटन विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने कहा कि विभाग राष्ट्र निर्माण से सीधे जुड़ा हुआ है। यदि बच्चों को जीवन की शुरुआत में ही पर्याप्त पोषण नहीं मिलेगा, तो इसका प्रभाव उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ेगा। इसलिए कुपोषण की रोकथाम, बच्चों के पोषण और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में बताया गया कि अलीगढ़ एवं हाथरस की प्रगति सी श्रेणी में, जबकि एटा एवंकासगंज की प्रगति ए श्रेणी में रही है आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कमजोर प्रदर्शन के कारणों की समीक्षा कर प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी एवं विद्यालय आपसी समन्वय से कार्य करें और आवेदन, अभिलेखों और अन्य औपचारिकताओं से संबंधित समस्याओं का समय से समाधान कराएं। बैठक में यह भी संज्ञान में आया कि कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद विद्युत विभाग स्तर से संयोजन लंबित हैं, जबकि संबंधित धनराशि जमा कराई जा चुकी है। आयुक्त ने ऐसे प्रकरणों में विभागीय समन्वय के माध्यम से शीघ्र विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का उपयोग जनहित में किया जा सके। जल जीवन मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आयुक्त ने अधीक्षण अभियंता, जल जीवन मिशन, हाथरस अजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।आयुक्त ने आईजीआरएस सहित अन्य जनशिकायतों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिले और शासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो। बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी मंडलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अनुशासन में रहकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे जिले अथवा मंडल की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों में अंतर्विभागीय समन्वय मजबूत करने, लंबित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में चारों जिलों के जिलाधिकारी, सीडीओ, संयुक्त विकास आयुक्त सहित मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।



