
अलीगढ़ जन्म प्रमाणपत्र के लिए आमजन को अनावश्यक रूप से अस्पताल के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर0 एन0 सिंह ने जिले के सभी मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाणपत्र से जुड़े प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और प्रमाणपत्र तैयार होने पर आवेदक को इसकी सूचना देकर उसे सहजता से उपलब्ध कराया जाए।
सीएमओ ने निर्देशित किया कि नाम संशोधन, माता-पिता के आधार नंबर दर्ज करने अथवा तकनीकी कारणों से पुनः प्रमाणपत्र जारी करने वाले मामलों को भी प्राथमिकता से निस्तारित किया जाए। बारकोड स्कैन न होने जैसी तकनीकी समस्या सामने आने पर तत्काल समाधान कर संशोधित अथवा नया प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाए।
डॉ0 सिंह ने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र नागरिकों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसलिए इसकी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की प्राथमिकता आवेदक को समय से प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना और उसे अनावश्यक परेशानी से बचाना है। प्रमाणपत्र जारी होने के बाद आवेदक को उसे प्राप्त करने की स्पष्ट जानकारी भी दी जाए, ताकि जानकारी के अभाव में उसे दोबारा कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।



