अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत के पद पर नियुक्ति के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

अलीगढ़ – उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 11 जनपदों में अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत के पद पर नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रारूप पर सेवानिवृत्त जिला जज अथवा अपर जिला जजों से 31 जुलाई सायं 05ः00 बजे तक आवेदन पत्र आमन्त्रित किये गये हैं।
अपर जिला जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दिनेश कुमार नागर ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जनपद सन्तकबीर नगर, अम्बेडकर नगर, फैजाबाद, चन्दौली, फतेहपुर, सिद्धार्थनगर, मेरठ, जौनपुर, महोबा, कुशीनगर एवं अमरोहा में अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत के पद पर नियुक्ति की जानी है। चयनित अध्यक्ष का कार्यकाल 05 वर्ष अथवा 65 वर्ष की आयु जो भी पहले हो तक रहेगा। श्री नागर ने पात्रता की जानकारी देते हुए बताया कि अन्तिम आहरित वेतन में से पेंशन की धनराशि को घटाते हुये वेतन एवं उस पर राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर अनुमन्य मंहगाई भत्ता के अनुसार उल्लिखित पद पर नियुक्ति के लिए केवल सेवानिवृत्त जिला जज अथवा अपर जिला जज स्तर के सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप पर नवीनतम फोटो, जन्मतिथि सेवानिवृत्ति प्रमाणपत्रों की अभिप्रमाणित छायाप्रतियां सहित उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ को अथवा कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ में पंजीकृत डाक द्वारा अथवा व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के उपरान्त प्राप्त आवेदनपत्रों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिये राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दूरभाष नम्बर- 0522-2286395 पर सम्पर्क किया जा सकता है।



