अलीगढ़

आयुक्त अलीगढ़ मंडल का प्रयास सफल

  विद्यार्थियों के हित में दशमोत्तर छात्रवृत्ति की संशोधित समय-सारिणी जारी

अलीगढ़ दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के हित में शासन द्वारा आवेदन, सत्यापन एवं छात्रवृत्ति भुगतान की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। आयुक्त अलीगढ़ मंडल ओ.पी. आर्य द्वारा छात्रों की सुविधा एवं समयबद्ध छात्रवृत्ति भुगतान के संबंध में किए गए प्रयासों के फलस्वरूप संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।उप निदेशक समाज कल्याण मनोज कुमार ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 202627 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार दिया जाएगा।         नवीनीकरण वाले छात्र-छात्राओं के लिए 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन का नवीनीकरण कर हार्डकॉपी संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थानों द्वारा 25 अक्टूबर तक बायोमेट्रिक, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति का सत्यापन कर पात्र छात्रों का डाटा अग्रसारित किया जाएगा। विश्वविद्यालय, एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा 5 नवंबर तक सत्यापन के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पात्र छात्रों के आधार-सीडेड बैंक खातों में प्रथम चरण में 1 से 10 दिसंबर तक छात्रवृत्ति राशि भेजी जाएगी। संदेहास्पद अथवा त्रुटिपूर्ण डाटा के निस्तारण के बाद पात्र पाए जाने वाले छात्रों को 16 से 25 जनवरी 2027 तक भुगतान किया जाएगा।

नवीन छात्र-छात्राओं के लिए 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण, आवेदन किया जा सकेगा। 2 नवंबर तक फाइनल प्रिंट लेकर 4 नवंबर तक आवश्यक अभिलेखों सहित संस्थान में जमा करना होगा। संस्थानों द्वारा 4 नवंबर तक आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित किए जाएंगे। पात्र छात्रों के खातों में प्रथम चरण का भुगतान 21 से 31 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि त्रुटिपूर्ण, संदेहास्पद डाटा के निस्तारण के बाद पात्र छात्रों को 27 से 31 जनवरी 2027 तक भुगतान किया जाएगा। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत कुमार मलिक ने सभी शिक्षण संस्थानों एवं छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथियों का पालन करते हुए समय से आवेदन, सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!