अलीगढ़

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिल रही पारदर्शी व बेहतर बिजली सेवा

शुक्रवार को लाल डिग्गी स्थित कार्यालय पर क्षेत्र की महिलाएं अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं को लेकर पहुंचीं

-अधीक्षण अभियन्ता

अलीगढ़ : नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं के पुराने मीटरों को निःशुल्क स्मार्ट मीटर से प्रतिस्थापित किया जा रहा है, जिससे बिजली उपभोग की सटीक जानकारी और बेहतर नियंत्रण संभव हो रहा है।
शुक्रवार को लाल डिग्गी स्थित कार्यालय पर क्षेत्र की महिलाएं अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं को लेकर पहुंचीं। अधीक्षण अभियन्ता उमेश जैन ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें स्मार्ट मीटर प्रणाली के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर को प्रीपेड प्रणाली में परिवर्तित किया गया है, जिससे उपभोक्ता अपने बिजली खर्च पर स्वयं नियंत्रण रख सकते हैं। बैलेंस समाप्त या नेगेटिव होने की स्थिति में आपूर्ति स्वतः बाधित हो जाती है, इसलिए समय-समय पर रिचार्ज कर बैलेंस को पॉजिटिव बनाए रखना आवश्यक है। अधीक्षण अभियन्ता ने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से अपने स्मार्ट मीटर का रिचार्ज कराएं और इस आधुनिक व्यवस्था का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को लगातार जानकारी दी जा रही है। स्मार्ट मीटर व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही बिलिंग संबंधी शिकायतों में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!