अलीगढ़

नशे के अवैध कारोबार पर कसेगा शिकंजा, युवाओं को बचाने के लिए तेज होगा अभियान

एडीएम सिटी संगीता देवी ने संदिग्ध क्षेत्रों में सूचना तंत्र विकसित कर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश

अलीगढ़  जिले में नशीले पदार्थों की अवैध आपूर्ति एवं बिक्री पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए निगरानी, कार्रवाई, जागरूकता और उपचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित एनकोर्ड की बैठक में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एडीएम सिटी ने औषधि विभाग को स्लम एरिया, विद्यालयों के आसपास, पार्कों और पुरानी बंद पड़ी फैक्ट्रियों को चिह्नित कर सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए। नशीली दवाओं, इंजेक्शन और पेय पदार्थों की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाकर नियमानुसार ठोस कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने नारकोटिक्स विभाग को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 50 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नशे पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ काम करें। अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ विद्यार्थियों और युवाओं को जागरूक करने और नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाए।
औषधि निरीक्षक दीपक लोधी ने बताया कि जिले में लगभग 2,800 रिटेल स्टोर्स और 1,685 थोक औषधि भंडारण केंद्र हैं। सितंबर में पांच मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया, जिनमें दो बंद कराए गए। सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजकिशोर के अनुसार, 264 विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उच्च शिक्षण संस्थानों में भी कार्यशालाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग में डॉ. मोहम्मद रियाजुद्दीन द्वारा नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार किया जा रहा है। विगत माह लगभग 210 मरीजों को चिकित्सकीय सहायता एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। बैठक में नशे की अवैध आपूर्ति पर कार्रवाई, विद्यार्थियों में जागरूकता और प्रभावित व्यक्तियों का उपचार इन तीनों स्तरों पर समन्वित प्रयासों से जिले में नशामुक्त वातावरण बनाने पर जोर दिया गया। बैठक का संचालन जिला आबकारी अधिकारी डीके गुप्ता द्वारा किया गया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!