अलीगढ़

हनुमत चरित्र कथा में पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य,

डिप्टी सीएम ने पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का किया लोकार्पण

  1. अयोध्या हमारी हुई, अब काशी की बारी:अलीगढ़ में केशव मौर्य बोल
अलीगढ़  : उत्तर प्रदेश के मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे। अलीगढ़ हवाई अड्डे पर मान प्रणाम ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मजयंती एवं ‘सेवा संकल्प अभियान माह’ के उपलक्ष्य में मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित ‘श्री हनुमंत चरित्र कथा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और कथा के समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पार्षदों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों का अभिवादन करते हुए संवाद किया।मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन को केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने योजनाओं एवं विकास कार्यों के माध्यम से धरातल पर उतारने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। पंडित जी के विचार आज भी सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की दिशा में मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में जब भी भाजपा को सरकार बनाने का अवसर मिला, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों को साकार करने का प्रयास किया गया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी केंद्र और प्रदेश में सरकारों ने विभिन्न विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी कार्य किए। राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय रहा है। इसी धरा से निकले श्री अशोक सिंघल जी के नेतृत्व में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कारसेवकों ने कठिन परिस्थितियों में भी अयोध्या पहुंचकर अपनी भूमिका निभाई। वर्तमान में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण पूर्ण होकर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
मा0 उप मुख्यमंत्री केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मा0 प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाओं और सुदृढ़ हुई कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। आत्मनिर्भरता और विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मा0 उप मुख्यमंत्री ने श्री हनुमंत कथा के अवसर को आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त करने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान हनुमान और व्यासपीठ के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं का भी आभार जताया। कार्यक्रम में पाराशर परिवार की ओर से मा0 उपमुख्यमंत्री जी से श्री हनुमान जी की प्रतिमा एवं गदा भेंट कर उनका अभिवादन किया गया।
इससे पूर्व मा0 उपमुख्यमंत्री जी ने पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जंयती के अवसर पर स्थापित चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन एवं अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर हवन कुण्ड में आहुति देकर सभी के मंगलमय और सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में मा0 सांसद श्री सतीश गौतम, श्री अनूप प्रधान, मा0 एलएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, चौ0 ऋषिपाल सिंह, मा0 महापौर श्री प्रशांत सिंघल, मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह, जिला महामंत्री श्री शिवनारायण शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष चौ0 देवराज सिंह, ठा0 गोपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारीगण और श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!