इन्द्रपुरी कॉलोनी में जलभराव से मिलेगी निजात, नाली निर्माण का कार्य तेज
परियोजना अधिकारी डूडा कौशल कुमार ने रविवार को तकनीकी अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया

अलीगढ़ : इन्द्रपुरी कॉलोनी, विनय नगर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए डूडा द्वारा नाली निर्माण कराया जा रहा है। कार्य की प्रगति और मौके की स्थिति का जायजा लेने के लिए परियोजना अधिकारी डूडा कौशल कुमार ने रविवार को तकनीकी अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में नाली निर्माण का कार्य प्रगति पर पाया गया।
परियोजना अधिकारी ने बताया कि मौके पर सड़क को दोबारा बनाने के लिए नहीं, बल्कि जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा है। गैस पाइपलाइन एवं पानी की लाइन बिछाए जाने के कारण इंटरलॉकिंग सड़क के कुछ हिस्सों में असमानता और गड्ढे हुए थे। करीब 10 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से की इंटरलॉकिंग टाइल्स को स्थानीय निवासियों एवं ठेकेदार द्वारा श्रमदान से दुरुस्त कर मार्ग को सुचारू कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर भवनों की आगे बढ़ी हुई दीवारों और नाली के स्थान पर बनाए गए रैंप और सीढ़ियों के कारण जलनिकासी में आ रही बाधा भी सामने आई। परियोजना अधिकारी ने जलनिकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम से भी ऐसे अवरोधों को हटाने के लिए परिवर्तन दल भेजने का अनुरोध किया गया है।
डूडा अधिकारियों के अनुसार नाली निर्माण पूरा होने के बाद कॉलोनी में वर्षा एवं अन्य कारणों से होने वाले जलभराव की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी और स्थानीय निवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।



