अलीगढ़

विद्युत स्पर्शाघात की घटना पर बिजली विभाग की सख्त कार्रवाई

दोषी जेई फैज तैमूरी निलंबित, दो संविदाकर्मियों की सेवा समाप्त

अलीगढ़: श्यामनगर क्षेत्र में विद्युत स्पर्शाघात से महिला की मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग ने जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अवर अभियंता को तत्काल निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इसके साथ ही संबंधित उपखंड अधिकारी और अधिशासी अभियंता के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
अधीक्षण अभियन्ता अंशुमान यादव ने बताया कि 8 जुलाई को विद्युत उपकेंद्र घंटाघर से संचालित 11 केवीए रेलवे रोड फीडर के अंतर्गत श्यामनगर के समीप स्थापित 400 केवीए क्षमता के वितरण ट्रांसफॉर्मर के पास एक महिला की विद्युत स्पर्शाघात से दुखद मृत्यु हो गई थी। घटना की तत्काल जांच कराई गई, जिसमें संबंधित अवर अभियंता फैज तैमूरी की लापरवाही पाए जाने पर अधीक्षण अभियन्ता की संस्तुति के आधार पर मुख्य अभियन्ता वितरण, अलीगढ़ क्षेत्र द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि उपकेंद्र पर कार्यरत दो संविदाकर्मी अनिल कुमार एवं श्याम सुंदर शर्मा की सेवाएं भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित उपखंड अधिकारी अहमद हुसैन एवं अधिशासी अभियन्ता प्रणव गुप्ता के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आरोप पत्र जारी कर दिए गए हैं।
अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि जिले में स्थापित वितरण ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पहले से ही ऐसे सभी ट्रांसफॉर्मरों का चिन्हांकन किया जा चुका है, जहां फेंसिंग एवं अनुरक्षण कार्य आवश्यक थे। इसी क्रम में रामघाट रोड, केला नगर, मैरिस रोड सहित अनेक स्थानों पर ट्रांसफॉर्मरों की फेंसिंग को मजबूत करने और आवश्यक अनुरक्षण कार्य पूरे कराए जा चुके हैं। शेष चिन्हित ट्रांसफॉर्मरों पर भी यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिले के सभी वितरण ट्रांसफॉर्मरों का वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए मानकों के अनुरूप विशेष निरीक्षण कराया जा रहा है। जहां कहीं भी सुरक्षा संबंधी कमियां मिल रही हैं, उन्हें तत्काल दूर कराया जा रहा है ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्युत सुरक्षा के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!