उत्तरप्रदेश

जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, चार नामजद।

अमरोहा जिले के अल्हेदापुर कला निवासी 23 वर्षीय लोकेश उर्फ टंडेल के रूप में हुई

चांदपुर तहसील क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी के बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शिवाला कला थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान अमरोहा जिले के अल्हेदापुर कला निवासी 23 वर्षीय लोकेश उर्फ टंडेल के रूप में हुई है। परिजनों ने चार युवकों पर घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, लोकेश 14 मई की रात शिवाला कला में आयोजित विशाल पाल की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था। बताया गया कि पार्टी में मौजूद सिंटू उर्फ सचिन रात करीब 10 बजे वहां से चला गया। आरोप है कि बाद में उसने फोन कर लोकेश को अपने घर बुलाया। जब लोकेश अपने दोस्तों विशाल पाल, लक्की और उज्ज्वल गौड़ के साथ बाइक से वहां पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने हमला कर दिया।मृतक के भाई अंकुल चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सिंटू उर्फ विपिन, विशाल उर्फ बिट्टू, प्रियंशु चौहान और सिद्धार्थ ने तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि करीब चार महीने पहले आरोपी पक्ष और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि समझौते के बहाने लोकेश को बुलाया गया था।मृतक के छोटे भाई मयंक ने बताया कि पुरानी रंजिश उज्ज्वल गौड़ और प्रियंशु चौहान के बीच थी, जबकि लोकेश का किसी से विवाद नहीं था। उनका कहना है कि बर्थडे पार्टी से लौटते समय रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। पहले कहासुनी हुई, फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई।परिजनों के मुताबिक लोकेश नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। तीन दिन पहले ही वह अपनी मां की तबीयत खराब होने की सूचना पर घर आया था। परिवार में उसकी मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि 14 मई की रात करीब 11 बजे युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट ने जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर चार लोगों को नामजद किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!