पीआरडी जवानों के सम्मान, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने शुरू की पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना, जवानों को मिलेगा 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार

अलीगढ़ प्रदेश सरकार द्वारा प्रांतीय रक्षक दल के जवानों एवं स्वयंसेवकों के सम्मान, कल्याण, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित गांधी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन और कल्याणकारी घोषणाओं को ध्यानपूर्वक सुना। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों की निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूत बनाने में पीआरडी जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पीआरडी जवान पूरी प्रतिबद्धता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मा0 मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि अब पीआरडी जवान स्वयं एवं अपने परिवारजनों का 5 लाख रुपये तक का उपचार कैशलेस एवं निःशुल्क करा सकेंगे। यह सुविधा जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लखनऊ के ग्राम परवर पश्चिम, सरोजनी नगर में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक के निर्माण का भी शिलान्यास किया।मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 तक पीआरडी जवानों को 250 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलता था, जिसे क्रमशः बढ़ाकर 375, 395 और 500 रुपये किया गया और अब इसे 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले पीआरडी जवानों को पर्याप्त ड्यूटी उपलब्ध नहीं हो पाती थी, जबकि वर्तमान में प्रदेश में पीआरडी जवानों की आवश्यकता बढ़ी है। ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में पीआरडी की सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।मा0 मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और युवाओं, किसानों और आमजन के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परिवर्तन सरकार की नीतियों और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने पीआरडी जवानों का आह्वान किया कि वे राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पूरी ईमानदारी, मेहनत और प्रतिबद्धता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में योगदान देने वाले प्रत्येक जवान का सम्मान और उसका कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर ने कहा कि पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जाना और 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराया जाना, मा0 मुख्यमंत्री जी की ओर से जवानों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से पीआरडी जवानों और उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। मा0 विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य पीआरडी को और अधिक सक्षम, सशक्त एवं सुविधासंपन्न बनाते हुए जवानों को सम्मानजनक सेवा परिस्थितियां उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और जनसेवा में और अधिक प्रभावी ढंग से योगदान दे सकें। विकास भवन स्थित गांधी सभागार में सजीव प्रसारण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा, डीओ पीआरडी जेपी सिंह सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर जवानों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। जवानों ने प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और आवासीय सुविधाओं सहित उनके हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी की घोषणा का लाभ जिले के 249 पीआरडी जवानों को प्राप्त होगा।



