अलीगढ़

स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

फिटनेस के बिना वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई  

अलीगढ़ : स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि फिटनेस के बिना कोई भी स्कूली वाहन संचालित नहीं होना चाहिए। यदि अनफिट वाहन सड़क पर चलता हुआ पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि अपने से संबद्ध सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस तत्काल सुनिश्चित कराएं और जो वाहन स्क्रैप हो चुके हैं, उनका आरटीओ पोर्टल पर नियमानुसार अपडेट कराया जाए। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आहूत जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी स्कूली वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और किसी भी वाहन में क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को न बैठाया जाए।उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी स्कूली वाहनों के चालकों एवं परिचालकों का चरित्र सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण और नेत्र परीक्षण कराया जाए। साथ ही प्रत्येक स्कूली बस में बच्चों को सुरक्षित चढ़ाने एवं उतारने के लिए महिला अथवा पुरुष अटेंडेंट की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। कभी-कभी छोटी सी लापरवाही बड़ी घटना का रूप ले लेती है। इसलिए हमें छोटी-छोटी घटनाओं से सीख लेते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहना होगा और सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। बैठक में बताया गया कि जिले में वर्तमान में कुल 1160 स्कूली वाहन हैं, जिनमें 997 वाहनों की फिटनेस वैध है, जबकि 163 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। फिटनेस समाप्त वाहनों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराते हुए संबंधित विद्यालयों के वाहनों का भौतिक सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बिना फिटनेस के अधिक वाहन संचालित पाए गए 22 विद्यालयों को चिन्हित कर लाल सूची में रखा गया है।अपर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों की फिटनेस तत्काल कराएं। फिटनेस, परमिट अथवा निर्धारित मानकों के बिना किसी भी वाहन का संचालन न किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विद्यालयों में नियमित रूप से प्रार्थना सभा के दौरान रोड सेफ्टी के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। उन्होंने ओवरलोडिंग पर भी सख्ती बरतते हुए कहा कि निर्धारित सीट क्षमता से अधिक बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन में न बैठाया जाए। ऐसे मामलों में संबंधित अभिभावकों को भी नोटिस देकर जागरूक किया जाए।बैठक में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठकों का निर्धारित समय पर आयोजन सुनिश्चित करने के साथ ही शिक्षा विभाग के सहयोग से ब्लॉक स्तर पर रोड सेफ्टी बैठकों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों के अनुपालन की नियमित निगरानी करते हुए अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।  बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार, सीएमओ डा0 आर0एन0 सिंह, आरटीओ दिनेश कुमार, डीआईओएस डा0 पूरन सिंह, एआरटीओ सान्या, बीएसए आलोक कुमार सिंह सहित विद्यालय संचालकगण उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!