अलीगढ़

हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था ने गंभीर घायल युवक के लिए दुर्लभ बी-नेगेटिव रक्त की कराई व्यवस्था

जनपद एटा निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं। गंभीर अवस्था में उन्हें उपचार हेतु जे.एन. मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ लाया गया,

हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ को सूचना प्राप्त हुई कि जनपद एटा निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं। गंभीर अवस्था में उन्हें उपचार हेतु जे.एन. मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने बताया कि युवक के फेफड़ों एवं हृदय में गंभीर चोटें आई हैं तथा उनका तत्काल ऑपरेशन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उपचार के दौरान पता चला कि युवक का ब्लड ग्रुप बी-नेगेटिव (B Negative) है, जो अत्यंत दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण समय पर उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण था। जैसे ही मेडिकल कॉलेज से यह जानकारी हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था को मिली, संस्था ने बिना विलंब किए परिवार की सहायता का निर्णय लिया और आवश्यक रक्त की व्यवस्था कराने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए।
इस मानवीय कार्य में रक्तकोष, मलखान सिंह जिला अस्पताल का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही प्रोफेसर आज़म हसीन जी की सूझबूझ तथा साथी डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ के सहयोग से एक और जीवन को बचाने का सफल प्रयास किया गया। समय पर समन्वय और त्वरित प्रयासों से आवश्यक रक्त की व्यवस्था संभव हो सकी, जिससे मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
संस्था अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था सदैव जरूरतमंद एवं असहाय मरीजों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने समाज से अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि “एक रक्तदाता का रक्तदान वास्तव में किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।”
हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं एवं संबंधित विभागों का आभार व्यक्त करती है और भविष्य में भी इसी प्रकार मानव सेवा के कार्य निरंतर करती रहेगी।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!