सीएम ग्रिड सड़को के निर्माण में लापरवाही पर नगर आयुक्त का सख़्त एक्शन-लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना
विश्व स्तरीय सड़को के निर्माण में लापरवाही पड़ी भारी-नगर आयुक्त ने निरीक्षण में पाई कमियों पर लिया एक्शन

नगर आयुक्त की चेतावनी:-विश्वस्तरीय सड़को के निर्माण में मानक और गुणवत्ता की अनदेखी कदापि नही होगी बर्दाश्तठेकेदार अमित ट्रेडर्स को सीएम ग्रिड सड़को पर स्ट्रीट लाइट न लगाना पड़ा भारी-नगर आयुक्त ने प्रत्येक मार्ग पर 10.00 लाख प्रत्येक दिवस की दर से लगाया जुर्मानामहत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की फेज़-1 व 2 की सड़क निर्माण में लापरवाही पर नगर आयुक्त के एक्शन की फ़िर से चर्चा-नगर आयुक्त ने दी भुगतान रोकने की चेतावनीमाननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) सी.एम. ग्रिड्स’ के अंतर्गत अलीगढ़ नगर निगम द्वारा फेज़ 1 व फेज़ 2 के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सख्त रुख अपनाया हुआ है।नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड की फेज़ 1 व फेज़ 2 की सड़कों के निरीक्षण के दौरान पायी लापरवाही, कमियों, निर्माण कार्यों में निम्न गुणवत्ता अनुचित वर्कमैनशिप निर्देशों की अवहेलना एवं कार्यों में विलंब के मामलों पर सख़्त एक्शन लेते हुए 32 लाख से अधिक की राशि का जुर्माना भी लगाने की कार्रवाई की है। इसके अतिरिक्त अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाए जाने पर संबंधित फर्मों को चेतावनी देते हुए सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं।
1. मैसर्स अमित ट्रेडर्स पर अर्थदंड.दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को सीएम ग्रिड फेज-2 (वित्तीय वर्ष 2024-25) के पैकेज 2 के अंतर्गत समस्त सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तत्काल प्रारंभ न किए जाने पर प्रत्येक मार्ग पर प्रत्येक दिवस 10 लाख रुपए का अर्थ दंड नगर आयुक्त द्वारा लगाया गया है।दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को सीएम ग्रिड फेज-1 पैकेज 2 वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत वार्ड 10, 27, 60, 68, 87 में रेलवे रोड पर जीटी रोड स्थित महाराजा पैलेस से अब्दुल करीम चौराहे एवं जामा मस्जिद होते हुए खटीकान चौराहे तक जा रहे निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता विलंब एवं कार्य में लापरवाही बरतने पर 10 लाख का अर्थ दंडसीएम ग्रिड फेज-2 (वित्तीय वर्ष 2024-25) के अंतर्गत रामघाट रोड स्थित एडीए ऑफिस से स्वर्ण जयंती नगर होते हुए क्वार्सी बाईपास तक सड़क के समेकित विकास एवं उन्नयन कार्य में निम्न गुणवत्ता के पेवर ब्लॉक्स के प्रयोग का मामला सामने आया। दिनांक 23 सितंबर 2026 को किए गए स्थलीय निरीक्षण में द्वितीय श्रेणी के गुणवत्ता वाले एवं टूटे किनारों के पेवर ब्लॉक्स का प्रयोग पाया गया। पूर्व में भी संबंधित फर्म को मौखिक रूप से निर्देश दिए गए थे। सुधार नहीं होने पर जारी नोटिस के माध्यम से फर्म पर ₹2 लाख का अर्थदंड अधिरोपित किया गया तथा खराब पेवर ब्लॉक्स को हटाकर निर्धारित गुणवत्ता के ब्लॉक्स लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि इसी फर्म को दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को जारी एक अन्य नोटिस में एडीए रोड से स्वर्ण जयंती नगर होते हुए क्वार्सी बाईपास तक सड़क निर्माण कार्य में निम्न गुणवत्ता एवं अनुचित वर्कमैनशिप के दृष्टिगत ₹5 लाख का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
2. मैसर्स पीपीएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड पर अर्थदंड।सीएम ग्रिड फेज-2 (वित्तीय वर्ष 2024-25) के अंतर्गत वार्ड संख्या 08 एवं 69 में रघुवीर पुरी के मेन रोड से श्री सत्यप्रकाश के आवास से फायर स्टेशन तक गेट के सामने सड़क के समेकित विकास एवं उन्नयन कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की गई। दिनांक 14 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से पेवर ब्लॉक फिक्सिंग कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को किए गए निरीक्षण में इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य निर्धारित तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप नहीं पाया गया।उन्होंने बताया कि इस पर संबंधित फर्म पर ₹5 लाख का अर्थदंड अधिरोपित किया गया साथ ही इंटरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता में संतोषजनक सुधार होने तक भुगतान नहीं किए जाने की चेतावनी भी दी गई।नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड फेज़ 1 व फेज़ 2 के लिए अन्य फर्मों को भी चेतावनी गुणवत्ता सुधार के निर्देश दिए हैमैसर्स एबी इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड: कृषि फार्म चुंगी से केला नगर चौराहा होते हुए खंजाची गार्डन, दोदपुर तक सड़क के समेकित विकास एवं उन्नयन कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं होने पर अनुबंध समाप्ति एवं ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी जारी की गई।मैसर्स इको ग्रीन वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड: सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत आरसीसी ड्रेन, बिटुमिनस प्लांट, इलेक्ट्रिकल शिफ्टिंग एवं अंडरग्राउंडिंग कार्यों में धीमी प्रगति तथा सामग्री संबंधी कमियों पर सुधार के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे पेवर ब्लॉक कर्व स्टोन ड्रेनेज विद्युत शिफ्टिंग लैंडस्केपिंग एवं अन्य निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार पूर्ण करें। कार्यों में लापरवाही घटिया सामग्री के प्रयोग अथवा बार-बार निर्देशों की अवहेलना किए जाने पर नियमानुसार अर्थदंड भुगतान रोकने अनुबंध समाप्ति एवं ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा माननीय मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के अंतर्गत कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग अथवा निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण में जहां भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी पाई जा रही है वहां संबंधित फर्मों के विरुद्ध अर्थदंड लगाया जा रहा है तथा सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।



