पोषण सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: सीडीओ
सीडीओ की अध्यक्षता मेें जिला पोषण समिति की बैठक संपन्न

अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि पोषण संबंधी योजनाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।जिला कार्यक्रम अधिकारी के.के. राय ने बताया कि वर्ष 2023-24 में स्वीकृत 38 आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्राम पंचायत एवं आरईडी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इनमें 29 केंद्र पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 24 केंद्र फिनिशिंग स्तर पर हैं। वहीं वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 109 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। ग्राम पंचायत द्वारा 45 केंद्र एवं आरईडी द्वारा 4 केंद्र पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 47 केंद्र फिनिशिंग स्तर पर हैं। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र योजना के तहत 189 केंद्रों पर एलईडी स्थापित की जा चुकी हैं। जिले के सभी विकास खंडों में कुल 3,12,883 लाभार्थियों के सापेक्ष 3,12,832 लाभार्थियों का आधार सत्यापन पूर्ण किया जा चुका है। जनपद के 3039 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 2912 केंद्रों को स्मार्टफोन उपलब्ध करा दिए गए हैं, जबकि शेष केंद्रों को शीघ्र स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी सीडीपीओ ईओ एवं एडीओ पंचायत से समन्वय स्थापित कर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों पर निर्माण कार्य लंबित है, वहां संबंधित विभाग नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सीडीपीओ स्थलीय भ्रमण कर सुनिश्चित करें कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण हॉट कुक्ड मील समय से उपलब्ध हो और पोषाहार वितरण में किसी प्रकार की शिकायत न आए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, अनुपूरक पोषाहार वितरण, पोषक आहार भुगतान, सैम एवं मैम बच्चों के स्वास्थय सुधार और आभा आईडी निर्माण की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखा जाए और स्वास्थय विभाग के समन्वय से उनके स्वास्थय में शीघ्र सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एएमयू में स्थापित पोषण पुनर्वास केंद्र को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। सीएमओ ने कहा कि बच्चों को लाने ले जाने के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा की सुविधा उपलब्ध है।सीडीओ ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर गर्भवती महिला, धात्री माता और बच्चों को बेहतर पोषण सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। बैठक में एडीओ पंचायत, अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त धनराशि का सदुपयोग कर आंगनबाड़ी केंद्रों को शसक्त बनाएं। रुके एवं अवरुद्ध कार्यों को विभागीय समन्वय के साथ पूरा करें।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में डीडीओ आलोक आर्य, डीसी एनआरएलएम मंजु त्रिवेदी, डीएसओ सत्यवीर सिंह, जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी, डीपीआरओ यतेन्द्र सिंह, एक्सईएन आरईएस समेत सीडीपीओ एवं एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।



