लघु एवं सीमांत किसानों को मिलेगा 6 लाख तक दीर्घकालीन ऋण
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत 5 वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

अलीगढ़ मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बुधवार को लखनऊ से ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ एवं ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विद्या नगर पार्क स्थित सांसद जन संवाद कार्यालय के सामने आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधि एवं बी-पैक्स पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों को कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के लिए सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत पात्र कृषकों को 6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र कृषकों को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।योजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 384 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है और आगामी पांच वर्षों में लगभग 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों तथा आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया है।कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुए बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लघु एवं सीमांत कृषकों को इससे जोड़ें। उपस्थित कृषकों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सरकार की इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया।सहकारिता के माध्यम से ‘भारत टैक्सी’ को बढ़ावा:इसी अवसर पर प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित भारत टैक्सी सहकारिता आधारित डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसमें ‘सारथी ही मालिक’ की सहकारी भावना के अनुरूप चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़ते हैं। भारत टैक्सी का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही चालकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। सहकारिता आधारित इस पहल के माध्यम से परिवहन क्षेत्र में चालक-केंद्रित भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह और अध्यक्ष के रूप में जिला सहकारी बैंक की चेयरमैन डॉ.श्रीमती उमेश कुमारी, पूर्व डायरेक्टर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड अलीगढ़ श्रीमती सत्या सिंह, मीडिया प्रभारी चौधरी प्रदीप सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता नागेन्द्र पाल सिंह, मंडलीय सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता कुलदीप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक अरविन्द मुद्गल, मुख्य कार्यपालक अधिकारी जिला सहकारी बैंक कैलाश चन्द्र सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव, कृषक और अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



