अलीगढ़

स्वतंत्रता दिवस पर 25 दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान

 हैंड्स फॉर हेल्प ने मनाया मानवता का पर्व

अलीगढ़/खैर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हैंड्स फॉर हेल्प सामाजिक संस्था, अलीगढ़ ने देशभक्ति के साथ-साथ मानवता की एक सुंदर मिसाल पेश की। संस्था के सदस्यों ने खैर स्थित दिव्यांग विद्यालय में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे 25 दिव्यांग बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।यह विद्यालय 24 वैदिक उपवन ट्रस्ट के माध्यम से संचालिका शालिनी शर्मा जी द्वारा संचालित किया जा रहा है। यहां ऐसे दिव्यांग बच्चे रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी परिस्थितियां ऐसी हैं कि उनके परिवार भी उनकी देखभाल करने में असमर्थ हैं। बच्चों की स्थिति और विद्यालय की जरूरतों की जानकारी मिलने पर हैंड्स फॉर हेल्प ने इस सेवा कार्य में सहयोग का निर्णय लिया। स्वतंत्रता दिवस पर संस्था के सदस्यों ने केवल सहायता सामग्री देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की, बल्कि बच्चों के बीच पहुंचकर स्वयं भोजन तैयार किया और अपने हाथों से 25 दिव्यांग बच्चों को भोजन कराया। जब बच्चों के चेहरों पर खुशी और अपनापन दिखाई दिया तो पूरा वातावरण भावुक और खुशनुमा हो गया। बच्चों के लिए राशन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यालय को जरूरत के अनुसार एक व्हीलचेयर भी प्रदान की गई। संस्था के सदस्यों का कहना था कि किसी जरूरतमंद बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सेवा की सबसे बड़ी खुशी है। इस मानवीय सेवा कार्य में राकेश शर्मा, उस्मान खान एवं के.पी. यादव जी का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय की संचालिका शालिनी शर्मा जी तथा सभी बच्चों ने संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम में संस्था के डॉ. डी.के. वर्मा, सतीश शर्मा, भूपेंद्र कुमार, पिंकी राजपूत, नीरज रानी, शिवम् माहेश्वरी, रामू रावत सहित संस्थाध्यक्ष सुनील कुमार एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्थाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि, “आजादी का पर्व तभी सार्थक है, जब समाज का कोई बच्चा खुद को अकेला और असहाय महसूस न करे। इन बच्चों के साथ कुछ समय बिताना, उन्हें अपने हाथों से भोजन कराना और उनकी जरूरत में साथ खड़ा होना हमारे लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। बच्चों की मुस्कान ही आज की सबसे बड़ी खुशी है।हैंड्स फॉर हेल्प ने स्वतंत्रता दिवस पर एक संदेश दिया—देश के लिए तिरंगा उठाना गर्व है, लेकिन किसी जरूरतमंद के लिए मदद का हाथ बढ़ाना भी सच्ची देशसेवा है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!